12 जनवरी 2021 - 12:44
सोचने की बात, अमरीकी सैनिकों के निकलने के बाद, उत्तरी इराक़ में दाइश के हमलों में 99 प्रतिशत कमी, वजह साफ

इराक़ के उत्तरी क्षेत्रों में दाइश के हमलों में बेहद कमी आ गयी है।

इराक़ी स्वंय सेवी बल हश्दुश्शाबी की उत्तरी कमान के जन संपर्क अधिकारी अली अलहुसैनी ने कहा कि करकूक के स्वतंत्र कराए गये  इलाक़ों पर आतंकवादी संगठन दाइश के मार्टर गोलों से किये जाने वाले हमले बहुत जटिल समस्या थी और इन हमलों में बहुत से आम नागरिक मारे जाते और घायल होते थे तथा नगर वासियों में भय व आतंक फैल जाता था लेकिन कीवन छावनी से अमरीकी सैनिकों के निकलने के बाद, इन हमलों में 99 प्रतिशत कमी हो गयी है। 

अलहुसैनी ने बल दिया कि अमरीकी सैनिकों की वापसी के बाद दाइश के हमलों में कमी का एक महत्वपूर्ण संदेश यह है  कि अमरीकी छावनियों  की वजह से जनता की सुरक्षा खतरे में रहती है। 

उन्होंने बताया कि करकूक में सुरक्षा, अमरीकी सैनिकों की वापसी के बाद स्थापित हुई है। 

अलहुसैनी ने कहा कि इराक़ी सुरक्षा बलों और अलहश्दुश्शाबी के प्रयासों से विभिन्न इलाक़ों  से दाइश के आतंकवादियों को खदेड़ कर शांति स्थापित कर दी गयी है और सब से बड़ी बात दाइश को प्राप्त सहायता और समर्थन था जो अब  खत्म हो चुका है। 

अमरीकी सैनिक, कुछ महीने पहले कीवन छावनी को खाली करके चले गये जिसका करकूक की शांति  व सुरक्षा पर बहुत अच्छा प्रभाव पड़ा है। 

इराक़ी संसद ने 5 जनवरी सन 2020 में   अपने देश से अमरीकी सैनिकों के निष्कासन  को मंज़ूरी दी थी।